मासिक राशिफल मार्च 2024: इस महीने मकर राशि वालों के घर में हो सकता है विवाद
मकर मासिक राशिफल मार्च 2024: एस्ट्रोसेज एक बार फिर लेकर आया है मकर राशि वालों के लिए “मासिक राशिफल मार्च 2024” का यह विशेष ब्लॉग। उम्मीद है कि 2024 का यह राशिफल जानकर आप महीने की अच्छे से प्लानिंग कर सकें। मार्च 2024 के राशिफल के माध्यम से हम जानेंगे कि मकर राशि के लिए मार्च 2024 का महीना कैसा रहेगा और उसके आधार पर आप भी अनुमान लगा सकेंगे कि मार्च के महीने को और बेहतर बनाने के लिए आपको क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए। ऐसा करने से आप अपने जीवन को सही दिशा दे पाएंगे।
दुनियाभर के विद्वान ज्योतिषियों से करें फ़ोन पर बात और जानें करियर संबंधित सारी जानकारी
मार्च 2024 में मकर राशि वालों के लिए ग्रहों के गोचर
इस महीने के गोचरों की बात करें, तो सूर्य 14 मार्च तक कुम्भ राशि में रहेंगे जो कि एक कमज़ोर स्थिति है लेकिन 14 मार्च के बाद मीन राशि में पहुंचकर सूर्य आपको काफी अच्छे परिणाम दे सकते हैं। मंगल ग्रह के गोचर की बात की जाए तो मंगल ग्रह 15 मार्च तक मकर राशि में जबकि बाद में कुंभ राशि में रहने वाले हैं।
यद्यपि मंगल के दोनों ही गोचर अनुकूल नहीं हैं लेकिन तुलना करें तो 15 मार्च के पहले वाली समय अवधि बेहतर कही जाएगी। बुध ग्रह महीने के शुरुआती समय से लेकर 7 मार्च तक कुंभ राशि में रहेंगे। यह अच्छी स्थिति कही जाएगी जबकि 7 मार्च से लेकर 26 मार्च तक बुध मीन राशि में रहेंगे। इस अवधि में बुध ग्रह आपको कुछ कमज़ोर परिणाम दे सकते हैं। 26 मार्च के बाद बुध मेष राशि में होंगे और यहां से बुध आपको यथासंभव अनुकूल परिणाम दे सकते हैं। बृहस्पति इस महीने भी मेष राशि में और शुक्र के नक्षत्र में रहने वाले हैं। अतः बृहस्पति आपको मिले-जुले परिणाम दे सकते हैं। वहीं शुक्र ग्रह 7 मार्च तक मकर राशि में रहेंगे जबकि 7 मार्च के बाद कुंभ राशि में पहुंच जाएंगे। सामान्य तौर पर शुक्र के यह दोनों ही गोचर आपके लिए अनुकूल रहेंगे। शनि ग्रह कुंभ राशि में किंतु राहु के नक्षत्र में रहेंगे।
इस महीने अधिकांश समय शनि अस्त रहेंगे। अतः शनि से अनुकूल परिणाम की उम्मीद नहीं रखनी चाहिए। राहु ग्रह मीन राशि में बुध के नक्षत्र में रहेंगे। ऐसे में राहु यथासंभव आपको अनुकूल परिणाम देना चाहेंगे जबकि केतु कन्या राशि में रहते हुए अधिकांश समय चंद्रमा के नक्षत्र में रहने वाले हैं। फलस्वरुप केतु से अनुकूल परिणाम की उम्मीद नहीं रखनी चाहिए।
आइए अब जानते हैं कि इन सभी ग्रहों के गोचरों का संयुक्त रूप से आपकी राशि अर्थात मकर लग्न या मकर राशि पर क्या प्रभाव पड़ने वाला है।
मासिक राशिफल मार्च 2024: मकर राशि वालों का भविष्यफल
मार्च 2024 में मकर राशि वालों का करियर
कार्यक्षेत्र के मामले में मार्च का महीना सामान्य तौर पर आपको अनुकूल परिणाम दे सकता है क्योंकि आपके करियर स्थान का स्वामी महीने की शुरुआत से 7 मार्च तक पहले भाव में रहेगा, जो व्यापार से संबंधित मामलों में अच्छे परिणाम दे सकता है। वहीं 7 मार्च के बाद शुक्र की स्थिति नौकरीपेशा लोगों को काफी अच्छे परिणाम दे सकती है। खासकर शिक्षा, कंसल्टेंसी या बैंकिंग सेक्टर से जुड़े लोगों को और भी अच्छे परिणाम मिल सकते हैं।
यद्यपि पूरा महीना ही कार्यक्षेत्र के लिए अनुकूल है लेकिन तुलना करें तो महीने का दूसरा हिस्सा ज्यादा अच्छे परिणाम देने वाला कहा जाएगा। इन सबके बावजूद भी वाणी पर संयम रखना समझदारी का काम होगा। तभी आप कार्यक्षेत्र से संबंधित मामलों में बेहतर कर सकेंगे।
पाएं अपनी कुंडली आधारित सटीक शनि रिपोर्ट
मार्च 2024 में मकर राशि वालों की आर्थिक स्थिति
आपके लाभ भाव का स्वामी मंगल महीने के पहले हिस्से में उच्च अवस्था में रहेगा जो कि अच्छी बात है। लाभ और प्रथम भाव का संबंध होना भी अच्छी बात है। भले ही मंगल का प्रथम भाव में होना अच्छा नहीं माना जाता है लेकिन अन्य स्थितियों के कारण मंगल आपको उत्तम लाभ दिलवा सकते हैं। अर्थात लाभ के लिए महीने का पहला हिस्सा सामान्य तौर पर अच्छा है। दूसरा हिस्सा भी औसत परिणाम दे सकता है जबकि आपके धन स्थान का स्वामी शनि धन भाव में है, यह अच्छी बात है लेकिन दूसरे भाव में शनि के गोचर को सामान्य तौर पर अच्छा नहीं माना जाता।
ऊपर से शनि महीने के आधे समय से ज्यादा समय तक अस्त रहेंगे। इन तमाम कारणों से बचत के मामले में यह महीना कमज़ोर रह सकता है। अर्थात आमदनी के लिए यह महीना काफी हद तक अनुकूल तो वहीं बचत के लिए थोड़ा सा कमज़ोर रह सकता है।
मार्च 2024 में मकर राशि वालों का स्वास्थ्य
स्वास्थ्य के मामले में मार्च का महीना थोड़ा सा कमज़ोर रह सकता है। महीने के आधे से ज्यादा समय में आपके लग्न या राशि स्वामी शनि अस्त रहेंगे। ऊपर से पहले भाव में मंगल के गोचर को भी स्वास्थ्य के लिए अच्छा नहीं माना गया है। हालांकि, मंगल उच्च के रहेंगे लेकिन फिर भी चोट खरोंच दे सकते हैं। अतः मौसम जनित बीमारियों के साथ-साथ सिर दर्द बुखार या चोट खरोंच का डर रहेगा। इसलिए इस महीने स्वास्थ्य के प्रति बिल्कुल भी लापरवाही नहीं बरतनी है।
दूसरे भाव में सूर्य शनि और मंगल जैसे ग्रहों के प्रभाव को देखते हुए खान-पान पर संयम रखना भी जरुरी रहेगा। अन्यथा मुंह से संबंधित कुछ परेशानियां देखने को मिल सकती हैं। कुछ मामलों में आंखों से जुड़ी कुछ तकलीफें भी देखने को मिल सकती हैं।
करियर की हो रही है टेंशन! अभी ऑर्डर करें कॉग्निएस्ट्रो रिपोर्ट
मार्च 2024 में मकर राशि वालों की शिक्षा
शिक्षा के लिए मार्च का महीना आपको औसत से बेहतर परिणाम दे सकता है। आपके चतुर्थ भाव का स्वामी महीने के पहले हिस्से में उच्च का रहेगा और चतुर्थ भाव को देखेगा। हालांकि, मंगल की स्थिति भले ही अच्छी न हो लेकिन बाकी ग्रहों की स्थितियां अच्छी हैं इसलिए उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थी महीने के पहले हिस्से में काफी अच्छे परिणाम प्राप्त कर सकेंगे। महीने का दूसरा हिस्सा उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के लिए थोड़ा सा कमज़ोर है। वहीं प्राथमिक शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सामान्य तौर पर औसत से बेहतर परिणाम मिल सकते हैं क्योंकि पंचम भाव के स्वामी की स्थिति सामान्य तौर पर अनुकूल है। हालांकि, प्राथमिक शिक्षा का कारक ग्रह बुध 7 मार्च के बाद तुलनात्मक रूप से कमज़ोर रह सकता है। कुल मिलाकर इस महीने शिक्षा के मामले में आप औसत या औसत से बेहतर परिणाम प्राप्त कर सकेंगे।
मार्च 2024 में मकर राशि वालों का प्रेम और दांपत्य
पंचम भाव के स्वामी शुक्र की स्थिति इस महीने सामान्य तौर पर अनुकूल रहने वाली है। अतः आप लव लाइफ का अच्छा आनंद ले सकेंगे। इन सबके बावजूद भी शुक्र पर मंगल और शनि का प्रभाव इस बात का संकेत कर रहा है कि प्रेम में मर्यादा के भाव जरूरी रहेंगे। तभी जाकर आप अच्छे परिणाम प्राप्त कर सकेंगे। दांपत्य संबंधी मामलों की बात की जाए तो इस मामले में महीना मिले-जुले परिणाम दे सकता है। विशेषकर महीने का दूसरा हिस्सा अपेक्षाकृत ज्यादा अच्छे परिणाम दे सकता है। महीने के पहले हिस्से में आपसी कहा-सुनी की संभावनाएं प्रतीत हो रही हैं।
अब घर बैठे विशेषज्ञ पुरोहित से कराएं इच्छानुसार ऑनलाइन पूजा और पाएं उत्तम परिणाम!
मार्च 2024 में मकर राशि वालों का गृहस्थ व पारिवारिक जीवन
पारिवारिक मामलों में इस महीने आपको काफी हद तक सावधानी बरतने की आवश्यकता है क्योंकि दूसरे भाव में सूर्य शनि मंगल जैसे ग्रहों का प्रभाव परिजनों के साथ विवाद करवाने का काम कर सकते हैं। इसलिए बातचीत का तौर तरीका काफी सौम्य रखना होगा। विशेषकर जब आप बड़े बुजुर्गों से कोई बात कर रहे हों तो इस समय शब्द चयन पर ध्यान देना बहुत जरुरी रहेगा।
गृहस्थ संबंधी मामले में इस महीने आपको औसत या फिर औसत से बेहतर परिणाम मिल सकते हैं। हालांकि, चतुर्थ भाव के स्वामी मंगल महीने के पहले हिस्से में उच्च के रहेंगे इसलिए कोई बड़ी परेशानी नहीं देंगे लेकिन महीने के दूसरे हिस्से में सूर्य शनि की युति कुछ परेशानियां दे सकती हैं। इसलिए गृहस्थी से संबंधित उपयोगी चीज़ें महीने के पहले हिस्से में ही ले लेना उचित रहेगा।
मार्च 2024 में मकर राशि वालों के लिए उपाय
नियमित रूप से हनुमत साठिका का पाठ करें। मंदिर में जटा वाले सूखे नारियल दान करें। इस महीने अपने दांत फिटकरी से साफ करें।
हम उम्मीद करते हैं कि मार्च महीने के इस राशिफल को जानने के बाद आप अपने इस महीने को और बेहतर ढंग से प्लान करेंगे और उस प्लानिंग के अनुसार सही ढंग से आचार व्यवहार करते हुए आप बेहतर परिणाम प्राप्त करने में सफल रहेंगे। भगवती आप सब पर कृपा बनाए रखें।
सभी ज्योतिषीय समाधानों के लिए क्लिक करें: ऑनलाइन शॉपिंग स्टोर
हम उम्मीद करते हैं कि आपको हमारा यह लेख ज़रूर पसंद आया होगा। अगर ऐसा है तो आप इसे अपने अन्य शुभचिंतकों के साथ ज़रूर साझा करें। धन्यवाद!
The post मासिक राशिफल मार्च 2024: इस महीने मकर राशि वालों के घर में हो सकता है विवाद appeared first on AstroSage Blog.
